दो और आरोपी गिरफ्तार, ढाबे से 304 ग्राम डोडा और ₹1.29 लाख नकद बरामद
दुर्ग : न्यूज़ 36 : अवैध अफीम खेती मामले की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की) और ₹1,29,000 नकद राशि बरामद की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि पुलगांव थाना क्षेत्र के जेवरा सिरसा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में ग्राम समोदा में अवैध अफीम खेती के मामले की लगातार विवेचना की जा रही है। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी विकास बिश्नोई से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अवैध रूप से उगाई गई अफीम के डोडा को अन्य लोग खरीदकर अपने होटल और ढाबों में रखकर बेचते थे। साथ ही आगे तैयार होने वाले डोडा को भी खरीदने की योजना बनाई जा रही थी।
इस सूचना के आधार पर 15 मार्च को पुलिस टीम ने बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया स्थित श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे डाबा में छापेमारी की। रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी रणछोड राम उर्फ रणजीत के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा, ₹1,29,000 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
वहीं आरोपी सुनील देवासी के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार किये गये आरोपी
रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (50 वर्ष), निवासी बालोतरा, राजस्थान वर्तमान में ग्राम कठिया, जिला बेमेतरा
सुनील देवासी (28 वर्ष), निवासी बालोतरा, राजस्थान वर्तमान में ग्राम कठिया, जिला बेमेतरा
जप्त की गई सामग्री
304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की)
₹1,29,000 नगद
दो मोबाइल फोन
डोडा को चुक्की बनाने की मिक्सी (जार सहित)
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा सिरसा की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश और विवेचना जारी है।
