सेना में युवाओं के लिए मिला सुनहरा अवसर
भिलाई : न्यूज़ 36 : सेना में भर्ती मिली जानकारी के अनुसार भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 के लिए अधिसूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी1 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
जिले के अविवाहित, योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी, जिनकी जन्मतिथि 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के मध्य है, अग्निवीर भर्ती-2027 के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), – अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर) तथा अग्निवीर ट्रेडमैन (8वीं एवं 10वीं पास) पदों के लिए अपनी योग्यता अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अधिकतम दो पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी
प्रकार अविवाहित युवतियों से अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) पद के लिए भी ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनके लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित है तथा जन्मतिथि 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होना अनिवार्य है।
इसके अतिरिक्त भारतीय थल सेना में सिपाही (फार्मा) पदों पर अविवाहित पुरुष अभ्यर्थियों से भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पद के लिए जन्मतिथि 1 जुलाई 2002 से 1 जनवरी 2008 के मध्य होना आवश्यक है। आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित है। किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 व 0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है।
