Thursday, November 26, 2026

संविधान दिवस पर भाजपा जनों ने संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर को किया नमन

दुर्ग : न्यूज़ 36 : संविधान दिवस के अवसर पर दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को भारतीय संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला महामंत्री दिलीप साहू, विनोद अरोरा एवं आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शिव चंद्राकर, विधि प्रकोष्ठ जिला संयोजिका उमा भारती साहू सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। हम सभी का दायित्व है कि बाबा साहेब के विचारों एवं आदर्शों पर चलते हुए लोकतंत्र की अखंडता, देश की संप्रभुता और संविधान की गरिमा को बनाए रखें।
श्री कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर के साथ राजनीतिक मतभेदों और उपेक्षा से जुड़ा रहा है। वर्ष 1952 एवं 1954 के चुनावों में उन्हें पराजित करने के लिए कांग्रेस द्वारा प्रयास किए गए। डॉ. अंबेडकर ने अपनी पुस्तक ‘व्हाट कांग्रेस एंड गांधी हैव डन टू द अनटचेबल्स’ में भी कांग्रेस की नीतियों और सामाजिक सुधारों के प्रति उसके दृष्टिकोण पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी के कार्यकाल में सामाजिक असमानता दूर करने वाली कई नीतियों का विरोध हुआ। मंडल आयोग की सिफारिशों को लंबे समय तक लागू नहीं किया गया, जिसे वर्ष 1990 में तत्कालीन वी.पी. सिंह सरकार ने लागू किया।
कौशिक ने कहा कि डॉ. अंबेडकर महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के पक्षधर थे। हिंदू कोड बिल पारित नहीं होने के कारण उन्होंने वर्ष 1951 में नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसी प्रकार, कांग्रेस के शासनकाल में डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया गया, जबकि वर्ष 1990 में उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के योगदान और विचारों को उचित सम्मान देने में कांग्रेस की सरकारें पीछे रहीं।
जिला भाजपा अध्यक्ष ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश ने लोकतंत्र का कठिन दौर देखा। इस दौरान मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगाया गया, प्रेस की स्वतंत्रता प्रभावित हुई और विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया। वर्ष 1976 में 42वां संविधान संशोधन किया गया, जिसने संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान की मूल भावना और नागरिक अधिकारों की रक्षा आवश्यक है।
श्री कौशिक ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के लिए अनेक पहल की हैं। उनके जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। इनमें जन्मभूमि महू, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षा भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि 26 अलीपुर रोड दिल्ली तथा चैत्य भूमि मुंबई शामिल हैं। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बाबा साहेब के लेखन एवं विचारों को डिजिटल माध्यम से संरक्षित करने तथा उनके नाम पर भीम ऐप की शुरुआत जैसे कदम भी उठाए गए।
अंत में  कौशिक ने सभी भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संविधान के मूल आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, मनोज सोनी, राजीव पांडेय, मंत्री गायत्री वर्मा, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक दिनेश देवांगन, सह कोषाध्यक्ष नीलेश अग्रवाल, कार्यालय मंत्री आसिफ अली,सह कार्यालय मंत्री राहुल पंडित, प्रवक्ता अरूण सिंह, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय तिवारी, सोशल मीडिया संयोजक रजनीश श्रीवास्तव, सह संयोजक अविनाश राजपूत, संजय शुक्ला प्रीति राजपूत जय  राजपूत, मंडल भाजपा अध्यक्ष कौशल साहू, कमलेश फेकर,बंटी चौहान, महिंद्रा लोढ़ा, मनमोहन शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह महिला मोर्चा जिला महामंत्री डॉ भारती साहू, भूपेंद्र साहू, अनिल यादव,मन्नु साहू,भाजपा नेता दीपक चोपड़ा, संदीप जैन, विजय ताम्रकार,मनीष भंडारी, अधिवक्ता आशीष शर्मा, अधिवक्ता अमित अग्ने, अधिवक्ता अनामिका गुहा राय, अधिवक्ता शिशीरंशु, अधिवक्ता शुभम सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे|

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news