भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने एवं यातायात तथा सार्वजनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संचालित काठ कैचर अभियान के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में खुर्सीपार थाना में महिला के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को नगर निगम के का कैचर दल खुर्सीपार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 में रामचंद्र होटल के सामने सार्वजनिक सड़क पर चार लावारिस गाय-बछड़ों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों से विवाद किया तथा पकड़े गए मवेशियों को वाहन से उतारने का दबाव बनाया गया। शिकायत में शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने तथा निगम कमर्चारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है। घटना की जानकारी निगम के नोडल अधिकारी द्वारा उच्च अधिकारियों को दी। इसके पश्चात संबंधित शिकायत थाना खुर्सीपार में प्रस्तुत की। पुलिस शिकायत की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
