भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने 12 जून से शुरू होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं से ठीक पहले छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। तकनीकी खामी के कारण पहले डाउनलोड किए गए कई प्रवेश पत्रों में वास्तविक परीक्षा केंद्र की जगह छात्रों के स्वयं के संस्थान का नाम प्रदर्शित हो रहा था। इस त्रुटि को सुधारते हुए विश्वविद्यालय ने सभी प्रभावित विद्यार्थियों को नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों की जानकारी अपडेट कर दी गई है और अब विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड में वास्तविक परीक्षा केंद्र प्रदर्शित हो रहे हैं। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने पहले ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिया था, उन्हें पुनः लॉगिन कर नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा। 12 जून से शुरू होने वाली परीक्षाओं में प्रदेशभर के हजारों छात्र शामिल होंगे। ऐसे समय में परीक्षा केंद्रों की जानकारी में हुई गड़बड़ी ने विद्यार्थियों और कॉलेज प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी थी। कई छात्रों को अपने ही कॉलेज का नाम परीक्षा केंद्र के रूप में दिखाई दे रहा था, जबकि उन्हें किसी अन्य केंद्र पर परीक्षा देनी है।
