भिलाई : न्यूज़ 36 : कलेक्टर अभिजीत सिंह ने शासन और जिला प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करने वाले अफसर और कर्मचारी समेत 191 स्टाफ को नोटिस जारी किया है। इनमें एडीएम वीरेंद्र सिंह, अभिषेक अग्रवाल, माइनिंग इंस्पेक्टर गोपाल दास, असिस्टेंट माइनिंग इंस्पेक्टर दीपक तिवारी, एसडीएम हितेश पिस्दा, सिल्ली थामस समेत कई अफसर और कर्मचारी शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी को नोटिस जारी कर पूछा है क्यों न सभी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाए। ऐसे इसलिए हुआ क्योंकि जब सभी 191 कर्मचारियों का बायोमैट्रिक अटेंडेंस चेक किया गया तो पता चला अफसर और कर्मचारी सुबह 10 बजे के बाद दफ्तर पहुंच रहे हैं। यहीं नहीं शाम 5.30 बजे के पहले घर भी चले जा रहे हैं। सभी का रिकार्ड चेक किया गया तो पता चला कि 12 से 28 जनवरी के बीच सभी के उपस्थिति में अनियमितता है। हैरानी की बात यह है कि ये रिकार्ड 6 बार से अधिक पाया गया। कलेक्टर ने सभी को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए 3 दिन दिया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर एक पक्षीय कार्रवाई भी हो सकती है।
