लोहे के रॉड से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सेक्टर-08 के एक परिवार पर पड़ोसी द्वारा घर में घुसकर लोहे की रॉड से जानलेवा कल रात को किया गया। घटना में पति-पत्नी समेत दो बेटियां घायल हुई हैं। भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
भिलाई नगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया खुमेश्वरी देवांगन (46 वर्ष) अपने पति खेदुराम देवांगन और बेटियों गरिमा एवं लिपीका देवांगन के साथ सेक्टर-08, सड़क नंबर-08 स्थित अपने घर रहती हैं। 11 फरवरी की रात लगभग 9:30 बजे पूरा परिवार एक साथ घर पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी देवेश वर्मा कथित रूप से चेहरा ढंककर पीछे के दरवाजे से घर में घुस आया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने सबसे पहले लिपीका देवांगन के सिर पर प्राणघातक वार किया। उसके चीखने पर पिता खेदुराम देवांगन बचाव के लिए पहुंचे तो उन पर भी सिर में हमला किया गया। बड़ी बेटी गरिमा देवांगन बीच-बचाव करने आई तो आरोपी ने उस पर भी रॉड से वार कर घायल कर दिया। मां खुमेश्वरी देवांगन ने रॉड छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें लात-घूंसों से मारकर चोट पहुंचाई।
शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-09 अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों में पड़ोसी ठाकुर, मिश्रा एवं अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
खुमेश्वरी देवांगन की रिपोर्ट पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपी देवेश वर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 0084/26 के तहत धारा 109-बीएनएस एवं 333-बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।
