साइकिल पोलो मैदान में जारी है कुश्ती के दांवपेंच, आज होगा बालकों का मुकाबला
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई निवास के सामने साइकिल पोलो मैदान में शुक्रवार से शुरू हुई राष्ट्रीय अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता में पहला दिन बेटियों के नाम रहा। सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में कुश्ती का ऐसा भव्य आयोजन छत्तीसगढ़ में पहली बार हो रहा हैं। इस भव्य आयोजन के शुभारंभ पर सुबह आराध्य हनुमान चालीसा व हनुमान अभिषेक के मंत्रो का उच्चारण सुप्रसिद्ध कथावाचक कान्हा महाराज के श्रीकंठ से हुआl
इसके उपरांत सांसद विजय बघेल के साथ भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विधिवत प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर रमापति राम त्रिपाठी भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यू.पी., संजय सिंह भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष, जय प्रकाश, ओलम्पियन नरसिंह पंचम यादव और एस पी देसवाल भी उपस्थित थे।
इसके उपरांत कुश्ती का महासंग्राम शुरू हुआ। जिसका इंतजार जिले के सभी कुश्ती प्रेमी कर रहें थे। पहला दिन बालिका वर्ग के पहलवानो के नाम रहा, जिसमें 28 राज्यों से आयी बालिकाएं इस महासंग्राम में अपने आप को पहलवानी में कुशल साबित करने पूरे दमखम के साथ उतरी। बालिकाओं ने कुश्ती में अपने दाव पेंच बखूबी दिखाए। बालिकाओं की अपने खेल के प्रति समर्पण, निष्ठा एवं क्षमता को देख सांसद विजय बघेल ने सभी बालिकाओं को छत्तीसगढ़ की वीरांगना अवन्ति बाई की उपाधि दी।
यह जानकारी देते हुए आयोजन समिति की ओर से निशु पाण्डेय ने बताया कि हरियाणा की टीम ने दंगल कुश्ती में बेहतरीन दांवपेंच, मजबूत पकड़ और शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 230 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। उनके पहलवानों ने हर मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वियों को चित कर बढ़त बनाए रखी।
महाराष्ट्र की टीम भी जोरदार मुकाबले में उतरी और अपने दांव, पलटवार (काउंटर अटैक) तथा संतुलित रक्षा के दम पर 141 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं उत्तर प्रदेश के पहलवानों ने ताकत और तकनीक का अच्छा मेल दिखाते हुए 125 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेजबान छत्तीसगढ़ की टीम ने भी अपने अखाड़े में जुझारूपन की भावना के साथ मुकाबला किया, हालांकि उन्हें कड़े दांवपेंचों और अनुभवी पहलवानों के सामने संघर्ष करना पड़ा। टीम को कुल 22 अंक मिले और वह 14वें स्थान पर रही। छत्तीसगढ़ के पहलवानों ने 57 किलोग्राम, 65 किलोग्राम और 72 किलोग्राम भार वर्ग में अपने दांव आजमाए। जहां उन्होंने पकड़, दांव, बचाव और पलटवार की तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस तीन दिवसीय आयोजन में दूसरे दिन 11 अप्रैल को बालक वर्ग अंडर 20 की कुश्ती होंगी।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों का स्वागत प्रमोद सिंह, जी सुरेश बाबे, गोपाल वर्मा, डॉ रमेश श्रीवास्तव, भागचंद जैन, विश्वरतन सिन्हा, सुधीर बंसल, शारदा गुप्ता, विनोद उपाध्याय, गोपाल बिष्ट, सुभाष साव, रजनीकांत अग्रवाल, भूषण अग्रवाल,श्रीकांत ताम्रकार,निशु पाण्डेय जैसे गणमान्य लोगों ने कियाl सांसद विजय बघेल समेत आयोजन समिति के भूपेंद्र यादव, देवेंद्र यादव, देवेंद्र (दिलबर) ,जगन्नाथ पहलवान, प्रशांत राय, लक्ष्मण पहलवान और बिरेन्दर यादव पहलवान जैसे दिग्गज पहलवानो ने कुश्ती प्रेमियों भिलाई में प्रथम बार हो रहे राष्ट्रीय कुश्ती महासंग्राम का साक्षी बनने नगरवासियों को आमंत्रित किया हैं।
