नागपुर में छिपकर रह रहा था आरोपी
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई-3 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 वर्ष से फरार नकबजनी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहचान छिपाकर महाराष्ट्र के नागपुर में रह रहा था, जिसे मुखबिर सूचना के आधार पर पकड़ा गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि भाठापारा दादर भिलाई-03 निवासी रामकुमार डहरिया ने 10 मई 2016 को थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 8 मई 2016 को परिवार सहित रायपुर जाने के दौरान उनके घर में चोरी हो गई थी।
घर का ताला तोड़कर लाखों का सामान किया था पार
अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर 2 गैस सिलेंडर, सोने का नेकलेस, झुमका, चांदी की पायल और कुकर सहित करीब ₹45,000 का सामान चोरी कर लिया था।
सहआरोपी पहले ही हुआ था गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सहआरोपी शुभम मांझी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुछ चोरी का सामान बरामद कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
10 साल बाद आरोपी गिरफ्तार
लगातार तलाश के बाद 3 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दंतेष राव (33 वर्ष) निवासी देव नगर, चरोदा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने की अपील : दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
