Sunday, March 1, 2026

ऑनलाइन गेमिंग में म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, 2 और आरोपी गिरफ्तार

अब तक 8 सलाखों के पीछे

दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना पदमनाभपुर पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए ऑनलाइन गेमिंग में अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। इससे पहले इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ऐसे खुला मामला

मामले की शुरुआत 30 दिसंबर 2025 को हुई, जब हुडको भिलाई निवासी 27 वर्षीय अविनाश दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए और एटीएम कार्ड, पासबुक व चेकबुक अपने पास रख लिए। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग से प्राप्त रकम के अवैध लेन-देन के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने अप.क्र. 566/2025 के तहत धारा 317(4), 319 (2), 61 बीएनएस तथा 42(2), 42(3) टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु की। पूर्व में लोकेश कुमार जाधव, टवन कुमार जाधव, विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड़, अमित मिश्रा और विशाल मसीह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

दो और आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान मुख्य आरोपी टवन कुमार जाधव से जब्त आईडीबीआई बैंक के डेबिट कार्ड की जांच में पता चला कि कार्ड बादल नाहरकर (21 वर्ष), निवासी सिद्धार्थ नगर वार्ड 34 दुर्ग तथा मुरारी महानंद (60 वर्ष), निवासी हरिजन पारा वार्ड 34 दुर्ग के नाम से जारी थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने धन लाभ के लालच में अपने बैंक खाते गिरोह को उपलब्ध कराए थे, जिनका उपयोग अवैध ऑनलाइन गेमिंग लेन-देन के लिए किया जा रहा था। दोनों को 28 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

जप्त सामग्री : आईडीबीआई बैंक का डेबिट कार्ड विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक व मोबाइल फोन (पूर्व में जप्त)

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक या ओटीपी की जानकारी न दें। ऑनलाइन गेमिंग या त्वरित लाभ के लालच में बैंक खातों का दुरुपयोग करना दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

मामले में आगे की विवेचना जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news