भिलाई : न्यूज़ 36 : नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ रायपुर के आदेशानुसार एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए जिला स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने सोमवार को जिला दुर्ग के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत जब्त मादक पदार्थों का वैधानिक नष्टीकरण किया। उक्त कार्रवाई के अंतर्गत कुल 58 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों का नष्टीकरण किया गया, जिसमें 612.515 किलो गांजा, 6.550 ग्राम ब्राउन शुगर, 78,333 नग टेबलेट, 23,200 नग कैप्सूल तथा 197 नग सिरप शामिल हैं। गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट एवं कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र में तथा सिरप का नष्टीकरण थाना नेवई क्षेत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया। कार्यवाही के दौरान ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्यगण, नोडल अधिकारी नष्टीकरण एवं भण्डारण, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, डीसीआरबी शाखा के अधिकारी व कर्मचारी तथा नगर निगम भिलाई के सहायक राजस्व अधिकारी बसंत कुमार देवांगन उपस्थित थे।
