Wednesday, April 8, 2026

ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, गांजा और अवैध शराब बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में ऑनलाइन सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुल पुलिस और ACCU टीम को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा, अवैध अंग्रेजी शराब और सट्टा संचालन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को थाना जामुल पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने ग्राम खेदामारा नहर किनारे मैदान में कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा (BETBHAI 9 लिंक) खेलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं 4, 6 और 7 के तहत कार्रवाई की गई थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि मनिन्दर सिंह (36 वर्ष), निवासी लेबर कैम्प वार्ड क्रमांक 08, जामुल, ऑनलाइन सट्टा एप उपलब्ध कराकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था और लगातार स्थान बदलकर गतिविधियां संचालित करता था। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश करते हुए 7 अप्रैल 2026 को उसके निवास पर दबिश दी। तलाशी के दौरान सट्टा संचालन में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड सहित 35 बोतल अंग्रेजी शराब (कीमत लगभग 79,020 रुपए) और 4 किलो 650 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 2,32,500 रुपए) बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट और 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत पृथक मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ऑनलाइन सट्टा संचालन में लिप्त था। इस कार्रवाई में जामुल थाना पुलिस और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध सट्टा, मादक पदार्थ या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news