भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने धान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर खाक हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण पास में जलाई गई पराली को माना जा रहा है। आशंका है कि पराली की आग फैलते हुए धान संग्रहण केंद्र तक पहुंच गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरु किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कड़ी मेहनत और पांच टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार खरीदी केंद्र में बड़ी मात्रा में धान संग्रहित था। आग तेजी से फैलने के कारण नुकसान बढ़ गया, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से आग को आसपास के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने नुकसान का आकलन करने तथा आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए है।जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
