थान खमरिया(अभिषेक): न्यूज़ 36 : क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। साजा एसडीएम पिंकी मनहर के निर्देशन में नायब तहसीलदार मोहरध्वज साहू ने थाना खमरिया क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई करते हुए 6 हाईवा एवं 2 जेसीबी मशीनों को जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि ये सभी वाहन अवैध रूप से मुरूम एवं रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए हाईवा वाहनों को थाना खमरिया में सुपुर्द कर दिया गया है तथा आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन एवं परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर प्रशासन ने यह निर्णायक कदम उठाया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
