फर्जी जीएसटी बिल के सहारे अवैध कारोबार का खुलासा, तीन गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.530 टन कोयला जब्त किया है। मामले में फर्जी जीएसटी दस्तावेजों के जरिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खुर्सीपार थाना एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट क्षेत्र में विजय कुमार केसरवानी द्वारा बड़ी मात्रा में कोयले का अवैध भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश देकर जांच की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 15.530 टन कोयला, व्यापार में प्रयुक्त कांटा-तराजू तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को वैध कारोबारी बताते हुए जीएसटी एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए, लेकिनलेकिन पुलिस ने दस्तावेजों का गहन सत्यापन कराया।
जांच में सामने आया कि प्रस्तुत जीएसटी बिल, परिवहन अभिलेख और अन्य दस्तावेज कूटरचित एवं फर्जी थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से अवैध कारोबार को वैध दिखाने और जांच एजेंसियों को गुमराह करने का प्रयास किया था।
विवेचना के दौरान डिजिटल भुगतान, मोबाइल संचार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में फर्जी जीएसटी दस्तावेज तैयार करने में राजकुमार मिश्रा और उसके सहयोगी सुनील शर्मा की भूमिका सामने आई। दोनों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में विजय कुमार केसरवानी, राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद कोयले की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार जब्त कोयले के वास्तविक स्रोत, स्वामित्व, परिवहन व्यवस्था तथा उसके चोरी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने की संभावनाओं की जांच जारी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
खुर्सीपार थाना में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(4), 336(3) एवं 340(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
