Friday, February 27, 2026

भिलाई-3 में आधी रात टला बड़ा हादसा, बारुद से भरी ट्रक में लगी थी आग

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की फायर टीम ने पाया आग पर काबू

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई-3 में देर रात एक बड़ी विस्फोटक घटना टल गई। फोरलेन सड़क से गुजर रही बारूद से भरी ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफार्मर पोल से टकरा गई, जिसके बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई। समय रहते पहुंचे अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाकर संभावित बड़े विस्फोट को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच पुराना बस स्टैंड, भिलाई-3 के पास यह दुर्घटना हुई। ट्रक क्रमांक TS 05 UB 2355 दुर्ग से रायपुर की ओर जा रही थी। ट्रक में बारुद (विस्फोटक सामग्री) भरी हुई थी। अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर मेन लेन और सर्विस लेन के बीच स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रांसफार्मर और पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक के केबिन से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

स्थानीय लोगों की सूझबूझ

तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने ट्रक में फंसे ड्राइवर और हेल्पर को बाहर निकाला। दोनों आंशिक रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जब ड्राइवर ने ट्रक में बारुद भरे होने की जानकारी दी तो मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल भिलाई-3 थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम से अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को अलर्ट किया गया।

2:20 बजे पहुंची फायर ब्रिगेड

सूचना मिलते ही रात 2:20 बजे दो अग्निशमन वाहन रवाना किए गए। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि ट्रक ट्रांसफार्मर से टकराकर सर्विस रोड में उतर गया है और केबिन में आग लगी हुई है।

बिना समय गंवाए अग्रिशमन दल ने साहसिक कार्रवाई करते हुए ट्रक के केचिन में घुसकर आग पर काबू पाया और संभावित बड़े विस्फोट को टाल दिया। बाद में ट्रक को सुरक्षित निकालकर पुलिस की मदद से थाने में खड़ा कराया गया।

घटना के दौरान जिला सेनानी एवं अग्रिशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवार्ड संचालित की गई। अग्रिशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल सहित केशव यादव, राजेश साहू, हीरामन, धर्मेंद्र साहू, शशांक, मनीष, रामनाथ कुरें, टिकेंद्र, संतोष और भीषम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भिलाई-3 थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। समय पर हुई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news