18 हजार से अधिक कर्मचारी-अधिकारी होंगे शामिल
रायपुर : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक NHM कर्मचारी एवं अधिकारीअपने परिवारों के साथ शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई कैबिनेट मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि महासम्मेलन में प्रदेश के ग्रामीण और शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी एवं अधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी जिलों में व्यापक तैयारियां चल रही हैं और बड़ी संख्या में कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
आयोजन नहीं, बल्कि NHM कर्मचारियों की एकजुटता, समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान का प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने के बाद कर्मचारियों के उत्साह में और बढ़ोतरी हुई है।
संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि महासम्मेलन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन NHM कर्मचारियों की संगठनात्मक शक्ति, एकता और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनके समर्पण का ऐतिहासिक मंच साबित होगा।
13 जून को राजधानी रायपुर का इंडोर स्टेडियमNHM कर्मियों की अभूतपूर्व एकजुटता का साक्षी बनेगा, जहां प्रदेशभर से हजारों स्वास्थ्यकर्मी एक मंच पर नजर आएंगे।
