शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने मामला दर्ज कर अरोपितों के विरुद्ध जांच की शुरू
भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां जमुना बाई जोशी (40) की शिकायत पर पुलिस ने कृषि नेपाली व उसके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजीव नगर निवासी कुलेश्वर कुमार जोशी सुपेला स्थित एक होंडा शोरूम में सर्विसिंग का काम करता है। 19 जून की शाम वह वेतन लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब आठ बजे गौतम नगर खुर्सीपार चौक के पास पहले से मौजूद कृषि नेपाली और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। कुलेश्वर द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और बेसबाल बैट से हमला कर दिया। मारपीट में उसके दोनों घुटनों, पीठ, भुजा और कमर में चोटें आईं। वहीं आरोप है कि हमलावरों ने कुलेश्वर के वेतन के पांच हजार रुपये छीन लिए। साथ ही उसकी बाइक और मोबाइल फोन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान वहां पहुंचे उसके मित्र तरुण साहू ने बीच-बचाव किया। बाद में वह घायल युवक को घर लेकर गया, जहां स्वजन को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस जांच कर रही है।
