भिलाई : न्यूज़ 36 : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 24 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:56 बजे थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 01 स्थित पंप हाउस के पास दो व्यक्तियों द्वारा अल्प्राजोलम टैबलेट का अवैध परिवहन एवं विक्रय किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ा।
विधिवत तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राज्ञौलम टैबलेट एवं एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 22 (c) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सागर सिंह राजपूत (21 वर्ष), निवासी वार्ड 18, सेक्टर 03 भिलाई एवं अतुल यादव (20 वर्ष), निवासी वार्ड 6/F, सेक्टर 01 भिलाई है। दोनों को विधिवत गिरफ्त्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्टी पुलिस एवं एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के क्रय विक्रय, परिवहन या भंडारण की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
