तीन नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, पार्षद लक्ष्मीपति राजू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सौंपा ज्ञापन
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-7 इलाके में एक बार फिर पीलिया के मामले सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। वार्ड-67 में तीन नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। शुरुआती जांच में दूषित पेयजल को बीमारी की मुख्य वजह माना जा रहा है।
अप्रैल में मिले थे 37 मरीज
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र की स्ट्रीट नंबर 37-ए में अप्रैल माह के दौरान 9 से 14 अप्रैल के बीच पीलिया के 37 मामले सामने आए थे। अब दोबारा मरीज मिलने से क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है।
हेल्थ कैंप और डोर-टू-डोर सर्वे शुरू
जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि तीनों मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है। एहतियात के तौर पर मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू) को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है, वहीं पानी के नमूने जांच के लिए भेजे है।
12 से 15 बच्चे पीलिया की चपेट में
सेक्टर-7 की सड़क क्रमांक 41 से 43 में रहने वाले नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, करीब 12 से 15 बच्चे पीलिया से प्रभावित हुए हैं। एक बच्चे की हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि चिकित्सकों ने लिवर ट्रांसप्लांट की आशंका तक जताई थी।
पार्षद लक्ष्मीपति राजू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सौंपा ज्ञापन

समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर पार्षद एवं खाद्य, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग के अध्यक्ष लक्ष्मीपति राजू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग के मुख्य महाप्रबंधक ए.बी. श्रीनिवास से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
जर्जर पाइपलाइन बदलने की मांग
ज्ञापन में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जलपाइपलाइन की तकनीकी जांच कराने, क्षतिग्रस्त एवं पुरानी पाइपलाइन बदलने तथा प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करने की मांग की गई।
बीएसपी प्रबंधन का आश्वासन
मुख्य महाप्रबंधक ए.बी. श्रीनिवास ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सर्वे कराने और आवश्यकता पड़ने पर पेयजल पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया शुरु करने का आश्वासन दिया। उन्होंने जल गुणवत्ता की जांच कर शीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया।
“स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या के पूर्ण समाधान तक प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।
उबालकर पानी पीने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल पानी को उबालकर और छानकर ही उपयोग करें तथा पीलिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
