Tuesday, August 11, 2026

नाबालिग को धमकाकर घर से चोरी कराए सोने के जेवर, आरोपी हिरासत में

भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने नाबालिग के माध्यम से घर से करीब 2 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कराने के आरोप में अनुराग कुर्रे को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले में अनुराग कुरें और उसके साथी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, दुर्गानगर, जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32) ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अनुराग कुर्रे पिता रवि शंकर कुर्रे ने विधि से संघर्षरत बालक से दोस्ती कर उसे अपने प्रभाव में लिया तथा कथित तौर पर डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देकर प्रार्थी के घर से सोने के जेवर चोरी करने के लिए कहा।

शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने घर से दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की कान की बालियां और एक सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दिए।

चोरी के बदले दिए पैसे, ऑनलाइन बेटिंग में लगाया

आरोप है कि चोरी के जेवर लेने के बदले अनुराग ने नाबालिग को कुछ पैसे दिए और उसे ऑनलाइन बेटिंग एप में पैसा लगाने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, पिछले दो-तीन महीने से नाबालिग कथित तौर पर अनुराग के कहने पर इस गतिविधि में शामिल था।

बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज

मोहम्मद मोहसीन खान की रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1158/2026 दर्ज किया है। अनुराग कुरें एवं उसके साथी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए), 351(3), 61(2) और 95 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस ने अनुराग कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। चोरी किए गए सोने के जेवरों की बरामदगी सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news