भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई छावनी थाना क्षेत्र में महिला को होटल के कमरे में बुलाकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को छावनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि प्रार्थिया ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित एक ट्रांसपोर्ट व टायर दुकान में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत है। 5 मार्च 2026 को शाम करीब 4 बजे आरोपी ने उसे पावर हाउस भिलाई स्थित एक लॉज के कमरे में बुलाया। वहां आरोपी ने महिला का हाथ पकड़कर अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर उसने धमकी भी दी।
महिला की शिकायत पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 141/2026 दर्ज कर धारा 74 व 351(3) BNS के तहत मामला कायम किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बी. लक्की जॉर्ज, निवासी बीएसपी सेक्टर-4, सड़क 19, भिलाई को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में अन्य मामले भी दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना छावनी के थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष शर्मा व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं से छेड़छाड़ या किसी भी प्रकार के अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
