Monday, March 2, 2026

शराब के लिए पैसे नहीं दिए युवक पर बटन चाकू से हमला

आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर बटन चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए रायपुर स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

छावनी पुलिस के मुताबिक प्रार्थी मोनू कुमार केशरी (आटो चालक) ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे वह पावर हाउस फल मंडी से अपने घर जा रहा था, तभी उसके साले आदित्य तिवारी का फोन आया।

आदित्य ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे सुभाष चौक, हाई स्कूल के सामने 18 नम्बर रोड के पास उसे गुरुदयाल उर्फ काके मिला, जिसने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने पास में रखे बटन चाकू से आदित्य के पेट के बाएं हिस्से पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल आदित्य को पहले बैकुण्थधाम शासकीय अस्पताल ले जाया गया। तबीयत बिगड़ने पर शासकीय अस्पताल सुपेला से जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने चोट गंभीर बताते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित एम्स अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में घायल का उपचार जारी है।

मोनू कुमार केशरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी गुरुदयाल उर्फ काके के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0122/26 के तहत धारा 109-बीएनएस एवं 119(1)बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है तथा मामले की विवेचना जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news