Thursday, July 17, 2025

आईएमए ने देश भर के 5 सर्वश्रेष्ठ चिकित्सकों में चुना भिलाई के डॉ. उदय को

नई दिल्ली में दिया एमिनेंट डॉक्टर पर्सनालिटी नेशनल अवार्ड

भिलाई : न्यूज़ 36 : भारतीय चिकित्सकों के केंद्रीय संगठन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की राष्ट्रीय इकाई ने शहर के सेवाभावी चिकित्सक और बीएसपी के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में पदस्थ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय धाबर्डे को एमिनेंट डॉक्टर पर्सनालिटी नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें राजधानी दिल्ली के भारतीय नगर नियोजन संस्थान के सभागृह में 13 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस सम्मान समारोह में दिया गया। उल्लेखनीय है कि यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान पूरे भारत के पांच सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर को ही दिया जाता है। इस समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह और विशेष अतिथि दिल्ली के विधायक डॉक्टर अनिल थे। इस सम्मान समारोह में डॉक्टर दिलीप भानुशाली नेशनल प्रेसिडेंट इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, डॉक्टर रवि अशोकन पूर्व नेशनल प्रेसिडेंट इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, डॉ. सरवरी दत्ता सचिव इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा अनेक डॉक्टर एवं गणमान्य नागरिकों के साथ अवार्ड लेने वाले डॉक्टर उपस्थित थे।

ग्रामीण परिवेश में चिकित्सा सेवा के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

डॉ. उदय वर्तमान में बीएसपी के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 के बर्न-प्लास्टिक सर्जरी विभाग प्रमुख भी हैं। उन्हें ग्रामीण परिवेश में चिकित्सा शिविर के माध्यम से मानवता की सेवा, वंचित समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक मदद करने तथा अपने बर्न प्लास्टिक सर्जरी विभाग में उल्लेखनीय कार्य कर उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए एमिनेंट डॉक्टर पर्सनालिटी नेशनल अवार्ड दिया गया है। उल्लेखनीय है कि डॉ. उदय ने बॉलीवुड फिल्म ‘रमाई’ में डॉ बाबासाहेब अंबेडकर की भूमिका निभा कर अपने व्यक्तित्व के एक अलग पहलू से कला प्रेमियों को प्रभावित किया है। उनकी इस प्रतिभा से भी अवार्ड देने वाली टीम प्रभावित थी।

मिल चुके हैं कई राष्ट्रीय सम्मान

इसके पहले भी डॉक्टर उदय कुमार को कई महत्वपूर्ण अवार्ड मिल चुके हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड से तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सम्मानित किया। भिलाई इस्पात संयंत्र के व्यक्तिगत  पुरस्कार जवाहर अवार्ड से तथा चार पांच बार ग्रुप अवार्ड से वे सम्मानित हो चुके हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र के अंबेडकर अवार्ड से भी उन्हें गत वर्ष सम्मानित किया गया था। अनेक सामाजिक संगठनों तथा भिलाई इस्पात संयंत्र की कर्मचारी यूनियन ने भी उन्हें उत्कृष्ट डॉक्टर अवार्ड से नवाजा है। लगातार 35 वर्षों से दो दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर  लगाने का रिकॉर्ड भी  डॉ.उदय के नाम हैं।

80 फीसदी तक जले हुए कई मरीजों को मिला है जीवनदान

डॉ. उदय वर्तमान में बीएसपी सेक्टर-9 अस्पताल की बर्न यूनिट के प्रभारी भी हैं और उनके नेतृत्व में बर्न यूनिट की टीम ने 80 फीसदी से ज्यादा जले हुए कई मरीजों को जीवनदान देने में अहम भूमिका निभाई है। इसके लिए उन्हें समय-समय पर सम्मानित किया गया है। छत्तीसगढ़ की तत्कालीन राज्यपाल अनुसुइया उइके ने डायबिटिक फुट को पैर कटने से बचाने के उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ.उदय को सम्मानित किया था। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पत्नी श्रीमती कौशल्या साय के द्वारा छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में चिकित्सा और स्वच्छता जागरूकता  का अभियान चलाने के लिए भी डॉ.उदय को शहीद वीर नारायण सिंह अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। संयोग से डॉ उदय कुमार का जन्म बीएसपी के सेक्टर-9 अस्पताल में हुआ था उनकी कर्मभूमि भी यही अस्पताल है, जहां आज वे मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद को सुशोभित कर रहे हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news