Saturday, February 14, 2026

खुर्सीपार में नशीले सिरप कैप्सूल की अवैध बिक्री का भंडाफोड़

दो आरोपी गिरफ्त्तार, टाटा सफारी सहित माल जप्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना खुर्सीपार पुलिस ने अवैध रूप से नशीले सिरप एवं कैप्सूल की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पं. दीनदयाल मिनी स्टेडियम शौचालय के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। आरोपियों के कब्जे से नशीली दवाएं, नगदी, एक चारपहिया वाहन एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र के अनुसार 14 फरवरी 2026 को क्षेत्र में भ्रमण एवं अपराध पतासाजी के दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति अवैध रूप से नशीले सिरप और कैप्सूल बेच रहे हैं। तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने दोनों संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इफ्तेखार खान (39 वर्ष), निवासी गांधी नगर, भिलाई-03 तथा मोहम्मद अब्बास रजा (30 वर्ष), निवासी सेक्टर-02, भिलाई भट्ठी बताया।

विधिवत तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 17 प्लास्टिक शीशी नशीले सिरप (कुल कीमत ₹3,145), 13 स्ट्रीप नशीले कैप्सूल (कुल कीमत ₹884), बिक्री की नगदी ₹9,500, एक चारपहिया वाहन Tata Safari क्रमांक CG07CH9614 (अनुमानित कीमत ₹5 लाख) तथा दो मोबाइल फोन (विवो एवं सैमसंग) बरामद किए गए।

आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 55/2026 धारा 21 (सी), 22, 27 (ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला के नेतृत्व में सउनि सुरेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमूक सिन्हा एवं आरक्षक चन्द्रभान चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशा तस्करी एवं अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news