दुर्ग : न्यूज़ 36 : वित्तीय वर्ष की समाप्ति के साथ नगर निगम ने बकाया करदाताओं के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 मार्च तक टैक्स जमा नहीं करने वाले बकायादारों पर 1 अप्रैल से कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसमें पानी के नल कनेक्शन काटने और संपत्तियों को सील करने जैसे कदम शामिल हैं।
राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निगम ने 31 मार्च को भी टैक्स काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया है। यह उन करदाताओं के लिए अंतिम अवसर है, जिन्होंने अब तक संपत्ति कर या अन्य शुल्क जमा नहीं किया है। तय समय सीमा के बाद देरी से भुगतान करने पर जुर्माना और ब्याज भी देना होगा।
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा-निगम ने करदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है, ताकि लोग बिना भीड़ के घर बैठे टैक्स जमा कर सकें। आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि समयसीमा के बाद होने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित करदाता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बकायादारों पर कड़ी निगरानी :
राजस्व विभाग ने वार्डवार सूची तैयार कर बड़े बकायादारों पर विशेष नजर रखी है। नोटिस जारी किए जा चुके हैं और समय सीमा खत्म होते ही प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
