Saturday, March 21, 2026

खाद्य विभाग का गोल्डन भारत गैस एजेंसी पद्मनाभपुर दुर्ग पर छापा

भौतिक सत्यापन में गड़बड़ी पर सैकड़ों सिलेंडर जब्त

दुर्ग : न्यूज़ 36 :  खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पद्मनाभपुर स्थित गोल्डन भारत गैस एजेंसी पर छापा मारा। जांच के दौरान स्टॉक में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त किए गए। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद 20 मार्च को जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में स्टॉक और रिकॉर्ड में अंतर पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) के 838 खाली और 48 भरे सिलेंडर, व्यावसायिक (19 किलोग्राम) के 63 खाली सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 22 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। यह कार्रवाई एजेंसी के भागीदार अंशुमन महरिया के कब्जे से की गई।

बताया गया कि गोल्डन गैस एजेंसी एक साझेदारी फर्म है, जिसके भागीदार मोहन लाल धुव्र और अंशुमन मडरिया हैं। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news