कार पर की पत्थरबाजी, पोती हुई घायल
दुर्ग : न्यूज़ 36 :; दुर्ग रेलवे स्टेशन की पार्किंग में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया जब पार्किंग शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कुछ लोगों ने भाजपा नेता शंभू कुशवाह पर हमला कर दिया और उनकी कार पर पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कार के शीशे चकनाचूर हो गए, जबकि कार में बैठी उनकी पोती घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता शंभू कुशवाह अपनी बेटी और दामाद को लेने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान स्टेशन परिसर की पार्किंग में पार्किंग शुल्क को लेकर उनका वहां मौजूद कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने न सिर्फ शंभू कुशवाह के साथ बदसलूकी की बल्कि उनकी कार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पत्थर लगने से कार के कांच टूट गए और अंदर बैठी उनकी पोती को चोट लग गई। घटना के दौरान स्टेशन परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया ।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग बेल्ट लेकर आक्रामक तरीके से धमकते और हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित भाजपा नेता शंभू कुशवाह ने रेलवे पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। मामला जीआरपी थाने में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित शंभू कुशवाह ने आरोप लगाया कि हमले के समय आरोपी नशे की हालत में थे और उन्होंने बिना किसी कारण के हिंसक व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गुंडागर्दी होना बेहद चिंताजनक है। साथ ही उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
