रक्षाबंधन पर्व मना लौट रहा था परिवार, दुर्ग के अंडा थाना क्षेत्र की घटना
दुर्ग : न्यूज़ 36 : अंडा थाना क्षेत्र के जंजगिरी रोड पर शैलदेवी कॉलेज के आगे शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और एक वर्षीय बेटी सहित दूसरी बाइक का चालक भी घायल हुआ है। दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार मृतक योगेश यादव निवासी नेवई भाठा रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी पत्नी श्रीमती संगीता यादव और एक वर्षीय बेटी मृस्ट्री के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DD 3531 से अपने ससुराल ग्राम माहुद गया था। वहां से वापस घर लौटते समय करीब दोपहर 3:30 बजे शैलदेवी कॉलेज के आगे जंजगिरी रोड, अंडा के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AR 4898 से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
बताया गया है कि ग्राम जंजगिरी की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को ग्राम हनोदा निवासी नितेश कुर्रे चला रहा था। आरोप है कि उसने बाइक को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सामने से आ रही योगेश यादव की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में योगेश यादव के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी संगीता यादव और एक वर्षीय बेटी मृस्ट्री को भी चोटें आई हैं। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल के चालक नितेश कुर्रे को भी चोट लगी है।
मृतक के छोटे भाई कुलेश्वर यादव (20 वर्ष), पिता पुसऊ राम यादव की रिपोर्ट पर अंडा पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक नितेश कुर्रे के खिलाफ अपराध क्रमांक 0090/26 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 184 LKS, 106(1), 125(a) और 281 BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।
