भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एवं भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के बीच 13 मार्च 2026 को एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के कर्मचारियों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं को स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहन एवं प्रशिक्षण देने की मांग प्रमुखता से रखी। इस पर प्रबंधन द्वारा सीएसआर के माध्यम से महिलाओं एवं विद्यार्थियों को स्वरोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।इसके साथ ही आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को भव्य रूप से मनाने तथा एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका “नया सबेरा” के विमोचन पर भी चर्चा हुई, जिस पर प्रबंधन ने सहमति व्यक्त की।बैठक में डॉक्टर अंबेडकर प्रेरणा स्थल के बेहतर एवं गरिमामय संधारण की मांग भी रखी गई। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि 14 अप्रैल से पूर्व प्रेरणा स्थल के संधारण कार्य को त्वरित गति से पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा प्रेरणा स्थल के सांस्कृतिक एवं खेल मैदान में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा के साथ पूरे परिसर के भव्य सौंदर्याकरण की मांग पर भी प्रबंधन ने सहमति जताते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारा सेक्टर-5 में प्रस्तावित डॉक्टर अंबेडकर म्यूजियम एवं लाइब्रेरी के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई। प्रबंधन ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर एनआईटी रायपुर के विशेषज्ञों की टीम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचेगी, जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।बैठक में स्टेशन मरोदा स्थित डॉ. अंबेडकर स्कूल की समस्या भी उठाई गई, जहां बरसात के मौसम में परिसर में पानी भर जाने से विद्यालय संचालन में कठिनाई होती है। इस समस्या के समाधान के लिए एसोसिएशन द्वारा स्कूल परिसर के समतलीकरण की मांग की गई, जिसे प्रबंधन ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।बैठक में प्रबंधन की ओर से पवन कुमार (कार्यपालक निदेशक, मानव संसाधन), जे.एन. ठाकुर (महाप्रबंधक प्रभारी, मानव संसाधन), विष्णु पाठक (महाप्रबंधक, सिविल – नगर सेवा विभाग), सौमिक डे (महाप्रबंधक, मानव संसाधन सचिवालय) तथा रोहित हरित (सहायक महाप्रबंधक, आयरन एवं लाइजन ऑफिसर) उपस्थित रहे।
वहीं एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष कोमल प्रसाद, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार एवं कार्यकारिणी सदस्य धनंजय मेश्राम बैठक में उपस्थित थे।
