भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ पोस्टल सर्किल द्वारा आयोजित प्रथम ऑल इंडिया पोस्टल पैरा गेम्स 2025-26 का शुभारंभ गुरुवार सुबह 9 बजे The Empirean Hotel & Resorts में भव्य समारोह के साथ हुआ। दो दिवसीय यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन भारतीय डाक विभाग के इतिहास में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
प्रतियोगिता में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम और शतरंज जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। देशभर के विभिन्न डाक परिमंडलों से आए अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. संजय तिवारी, कुलपति, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय रहे। मुख्य आतिथ्यकर्ता के रूप में अजय सिंह चौहान, चीफ पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ पोस्टल सर्किल, रायपुर उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक (पैरों से पेंटिंग करने वाले) गोकरन पाटिल भी समारोह में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि डॉ. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम हैं तथा आत्मविश्वास, अनुशासन और
समावेशन की भावना को प्रबल करते हैं। उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों की सहभागिता को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अजय सिंह चौहान ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ पोस्टल सर्किल की समावेशी सोच और राष्ट्रीय स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विभागीय कर्मचारियों में आपसी सौहार्द, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में निदेशक, छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल दिनेश कुमार मिस्त्री ने भी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर “Ist All India Postal Para Games 2025-26” विषय पर 4 पिक्चर पोस्टकार्ड का विधिवत विमोचन किया गया, जो इस ऐतिहासिक आयोजन की स्मृति को संजोएगा।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन खेल भावना, राष्ट्रीय एकता और दिव्यांग सशक्तिकरण के संदेश के साथ आगे बढ़ा।
