दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिला एवं छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन (CGPLA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फेडरेशन कप एवं वेस्टर्न इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन खालसा पब्लिक स्कूल, मालवीय नगर चौक, दुर्ग में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी अद्भुत शक्ति, अनुशासन, खेल भावना और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में खेल, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने अतिथि के रूप में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में प्रमुख रूप से एवन जैन (शहीद विनोद चौबे सम्मान प्राप्त, छत्तीसगढ़ शासन), बुधराम सारंग (विक्रम अवार्डी एवं वीर हनुमान सिंह अवार्डी), डॉ. मेघेश तिवारी (प्राचार्य, विप्र कॉलेज), नरेंद्र कुमार बंछोर (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग संगठन), राजेंद्र यादव (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, CGPLA), तुलसी सोनी (कार्यकारी अध्यक्ष, CGPLA), श्रीमती रवीना बरिहा (सदस्य, राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर परिषद, भारत सरकार), संजय सरसों दिया (सहसचिव), विनोद साहू एवं अरुण गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पावरलिफ्टिंग जैसे खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का दुर्ग में आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में दुर्ग जिला एवं छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के संरक्षक एवं मुख्य निदेशक कैलाश जैन बरमेचा, छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा साहू तथा आयोजन सचिव नश्कर टंडन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति की ओर से मंचासीन अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता के अंतिम चरण में विभिन्न भार वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों के करकमलों से पदक, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर पुरुष एवं महिला वर्ग की टीम चैंपियनशिप तथा व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। विभिन्न भार वर्गों में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन नवेद रजा दुर्गवी ने किया। उन्होंने अपनी सधी हुई वाणी एवं आकर्षक संचालन शैली से पूरे समारोह को गरिमामय एवं यादगार बनाया।
समापन अवसर पर आयोजन सचिव नश्कर टंडन एवं महासचिव कृष्णा साहू ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, निर्णायकों, अतिथियों, खेल प्रेमियों, सहयोगियों एवं आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय आयोजन से छत्तीसगढ़ में पावरलिफ्टिंग खेल को नई ऊर्जा, प्रोत्साहन एवं राष्ट्रीय पहचान मिली है। भविष्य में भी प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
