Saturday, June 20, 2026

युवती की मौत मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, रिसोर्ट सील, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

राजनांदगांव : न्यूज़ 36 : थाना सोमनी क्षेत्र में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में शामिल व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई थाना सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, मामला 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री से सूचना मिलने के बाद सामने आया, जिसके बाद थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। मृतिका का पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई।  अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो एवं वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जांच टीम गठित की गई। थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक राय होकर युवती को बहला-फुसलाकर रायपुर ले जाने के दौरान रास्ते में जबरन शराब पिलाई और उसकी हालत का फायदा उठाया। इसके बाद मुख्य आरोपी ने व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट मनगटा में युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। घटना के दौरान युवती को चोटें भी आईं, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने इस मामले में धारा 64, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बुचीभरदा थाना बसंतपुर, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी टेड़ेसरा गुड़ीपारा थाना सोमनी तथा घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी निकुम बाजारपारा थाना अण्डा जिला दुर्ग शामिल हैं। पुलिस ने घटना में उपयोग किए गए रिसोर्ट को भी सील कर दिया है और अन्य रिसोर्ट संचालकों को सख्त संदेश दिया है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news