Tuesday, March 3, 2026

साइंस कॉलेज दुर्ग के विद्यार्थियों का भूवैज्ञानिक अध्ययन दौरा

राजस्थान की खदानों से खनिज-चट्टानों के नमूने किए संकलित, राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रस्तुति का सम्मान

दुर्ग : न्यूज़ 36 : साईंस कॉलेज, दुर्ग के नाम से प्रसिद्ध शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय के भूगर्भशास्त्र विभाग के स्रातकोत्तर विद्यार्थियों ने दस दिवसीय जियोलॉजिकल फील्ड वर्क के दौरान राजस्थान के उदयपुर क्षेत्र स्थित विभिन्न खदानों का भ्रमण कर स्खनिज एवं चट्टानों के महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। इन नमूनों का उपयोग विभागीय संग्रहालय एवं प्रायोगिक कक्षाओं में अध्ययन-अध्यापन हेतु किया जाएगा।

भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यार्थियों ने संगमरमर, फॉस्फोराइट, ग्रेनाइट, सेंडस्टोन, कांग्लोमरेट एवं स्ट्रोमैटोलिटिक लाइमस्टोन सहित विभिन्न भूवैज्ञानिक नमूनों का संकलन किया। दल ने उदयपुर स्थित झामरकोटरा फॉस्फोराइट माईस तथा बाबरमाल की पिंक मार्बल खदानों का भौतिक अध्ययन करते हुए वहां की भू-आकृतिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों का अवलोकन किया।

Oplus_16908288

विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि विद्यार्थियों ने चूना पत्थर से निर्मित गुफाओं में पाए जाने वाले स्टेलेक्टाइट एवं स्टेलेमाइट संरचनाओं का भी अध्ययन किया। साथ ही भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के ग्वालियर स्थित संग्रहालय का भ्रमण कर पृथ्वी पर जीवों की उत्पत्ति से लेकर वर्तमान तक के क्रमिक विकास, विभिन्न खनिजों, चट्टानों, जीवाश्मों एवं रत्नों का अध्ययन किया।

फील्ड वर्क के दौरान मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित जियो यूथ कॉन्क्लेव में 8 राज्यों के 15 विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों के बीच पावर पॉइंट प्रस्तुति देते हुए कॉलेज की छात्रा कु. रुचि देशमुख ने श्रेष्ठ पेपर प्रस्तुति का पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त छह विद्यार्थियों ने पेपर प्रस्तुति एवं पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लिया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों की राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया। वहीं ग्वालियर में भारतीय ज्ञान परंपरा एवं भूविज्ञान में प्रयोग विषयक राष्ट्रीय सेमीनार में भी कु. रुचि देशमुख, कु. फाल्गुनी साहू एवं कु. दीपा साहू ने प्रस्तुति देकर सराहना प्राप्त की।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news