जीई फाउंडेशन ने सुपोषण किट के साथ दी ‘पहली पुस्तक’
भिलाई : न्यूज़ 36 : सामाजिक योगदान में अग्रणी संस्था गोल्डन एम्पथी (जीई) फाउंडेशन की ओर से गुरुवार को खुर्सीपार ज़ोन-3, वार्ड 48 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में “पोषण और पढ़ाई”कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 11 आंगनबाड़ी केंद्रों से आए गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों को, जो अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित थे, विभिन्न आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को सुपोषण किट, प्रोटीन पाउडर, चरणपादुका (चप्पल) तथा “मेरी पहली पुस्तक” प्रदान की गई, ताकि उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहन मिल सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के साथ-साथ उनमें शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना है।
इस अवसर पर जीई फाउंडेशन के संयोजक प्रदीप पिल्लई ने बताया कि “पोषण और पढ़ाई” कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के लिए पढ़ाई से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे प्रारंभिक अवस्था से ही सीखने की ओर प्रेरित हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं में सोमा चौरसिया, संजू कश्यप, अनीता मित्रा, पुष्पा छाबड़ा, माधुरी देवी, सुजाता वैद्य, संतोषी लहरे, सिमकी बेन, संजू कुमारी, कंचन एवं मंजू दिवाकर उपस्थित रहीं। वहीं सहायिकाओं में नमिता साहू, पूजा कपूर, जगदम्बा तथा पुष्पा साहू की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही जीई फाउंडेशन की ओर से प्रकाश देशमुख एवं अजीत सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना की और इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
