आनलाइन गेमिंग में अवैध लेन-देन में 11 आरोपी गिरफ्तार
आरोपितों द्वारा एटीएम, पासबुक रखकर किया जाता था लेन-देन
दुर्ग : न्यूज़ 36 : म्यूल अकाउंट के माध्यम से आनलाइन गेमिंग में अवैध लेन देने करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
हुडको भिलाई निवासी अविनाश दुबे (27) ने 30 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की ओर से विभिन्न बैंकों में खाता खुलवाकर एटीएम कार्ड, पासबुक एवं चेक बुक अपने पास रखकर आनलाइन गेमिंग के माध्यम से अवैध लेन-देन किया जा रहा था। प्रकरण में थाना मोहननगर और थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण एवं बैंक खातों की जांच में म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान कर थाना पदमनाभपुर एवं थाना मोहन नगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए कुल 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों द्वारा अपने बैंक खाते अवैध आनलाइन गेमिंग लेन-देन के लिए धन लाभ के उद्देश्य से उपलब्ध कराना पाया गया। मामले में पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उसमें सूरज महतो (22) रेलवे कालोनी भिलाई नगर, रूपेश यादव (29) रेलवे कालोनी भिलाई नगर, दीपक विश्वकर्मा (27) न्यू कृष्णा नगर सुपेला, मिथलेश यादव (21) माडल टाउन नेहरू नगर, इसाब मेहत्तर (20) सिद्धार्थ नगर दुर्ग, वेद प्रकाश ठाकुर (44) नया आमापारा मोहन नगर दुर्ग, सुरेन्द्र यादव (25) कादम्बरी नगर दुर्ग, साहिल मेश्राम (28) कैम्प 1 वृंदा नगर भिलाई, प्रशांत लाउने (23) राम नगर सुपेला, भूपेन्द्र सोनी (43) हाउसिंग बोर्ड कोहका और रंजीत कौर (37) निवासी पंजाबी मोहल्ला खुर्सीपार भिलाई शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आठ नग मोबाइल फोन, विभिन्न बैंक खातों से संबंधित एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक दस्तावेज की जब्ती बनाई है। उक्त कार्यवाही में थाना पदमनाभपुर एवं थाना मोहन नगर की संयुक्त टीम की सक्रिय भूमिका रही।
