एक दर्जन बाइक 17 मोबाइल, नकदी सहित करीब 4.50 लाख रुपए की संपत्ति जप्त
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंकी रिसोर्ट में चल रहे कटपत्तीजुए के फड़ पर छापा मारकर 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत 4 लाख 34 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोकुलधाम के पीछे स्थित मंकी रिसोर्ट में कुछ लोग रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर कटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलगांव पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान रिसोर्ट के ऊपरी मंजिल के कमरे में 15 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए। आरोपियों के कब्जे से फड़ एवं व्यक्तिगत रूप से रखी गई नकदी सहित कुल 1 लाख 82 हजार रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 12 मोटरसाइकिलें, 17 टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 2 कीपैड मोबाइल भी जब्त किए। जब्त वाहनों और मोबाइलों सहित कुल बरामद सामग्री की कीमत लगभग 4 लाख 34 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनू चौहान, फिरोज खोखर, शब्बीर खान, मोहम्मद जावेद, मो. जुनैद, पारस चंद्राकर, अजीम अहमद, मो. जमील, एकांत साहू, जमील खान, शिवा साहू, मृत्युंजय चंद्राकर, साहिद, चंद्रपाल यादव और प्रकाश देवांगन शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
यह कार्रवाई पुलगांव थाना पुलिस की टाउन पेट्रोलिंग टीम द्वारा की गई, जिसमें उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु, उप निरीक्षक सुभाष साहू, पीएसआई पुष्पराज सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
