भिलाई : न्यूज़ 36 : अल मदद एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की ओर से एक विशाल नि:शुल्क मेडिकल शिविर का आयोजन रविवार, 22 नवंबर को फरीद नगर स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल में किया जा रहा है। जहां क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श और जांच की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक इस शिविर में आने वाले लोगों को सामान्य स्वास्थ्य जांच, डायबिटीज संबंधी परामर्श, हृदय रोग संबंधी परामर्श और दांतों की जांच जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। अपनी सेवाएं देने के लिए शिविर में सामान्य चिकित्सक एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. संजय गुप्ता, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जावेद परवेज़ तथा दंत चिकित्सक डॉ. अमरीन मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने फरीद नगर और आसपास के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं तथा अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इस आयोजन की जानकारी दें।
