Saturday, June 6, 2026

हार्वेस्टर दिलाने के नाम पर 27 लाख की धोखाधड़ी, अधिकृत डीलर गिरफ्तार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : नया हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के नाम पर किसानों से लाखों रुपये लेकर धोखाधड़ी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक अधिकृत डीलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हार्वेस्टर की पूरी राशि प्राप्त करने के बावजूद मशीन उपलब्ध नहीं कराई और लंबे समय तक ग्राहकों को टालता रहा।

चौकी जेवरा सिरसा पुलिस को परशुराम साहू, धनेश ढीमर और टीकाराम साहू ने अलग-अलग शिकायतें देकर बताया था कि मेसर्स दुर्ग ट्रैक्टर्स के अधिकृत डीलर वरुण प्रताप सिंह ने नया हार्वेस्टर उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर उनसे राशि प्राप्त की, लेकिन बाद में हार्वेस्टर नहीं दिया।

शिकायत की जांच में सामने आया कि आवेदकों ने हार्वेस्टर खरीदने के लिए बैंक से ऋण प्राप्त किया था। फाइनेंस की गई राशि सीधे आरोपी की फर्म के खाते में स्थानांतरित की गई थी। इसके अलावा कुछ राशि नगद भी आरोपी को दी गई थी। इसके बावजूद हार्वेस्टर की आपूर्ति नहीं की गई और ग्राहकों को लगातार आश्वासन देकर टालमटोल किया जाता रहा।

पुलिस जांच में परशुराम साहू से लगभग 27 लाख रुपये प्राप्त करने के बाद भी हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं कराना प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी पाया गया। इसके आधार पर थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 515/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत मामला कायम किया गया।

पुलिस ने आरोपी वरुण प्रताप सिंह (36 वर्ष), निवासी मालवीय नगर स्थित शांति निकेतन अपार्टमेंट, मोहन नगर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यह जानकारी भी मिली है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये प्राप्त किए हैं।

इन शिकायतों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में जिला बालोद के डौंडी लोहारा थाना में भी मारपीट, अवैध बंधक बनाने और जबरन वसूली से संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुका है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित पीड़ितों तथा वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news