दुर्ग : सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाली बर्खास्त पुलिसकर्मी महिला को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपिया को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल दाखिला किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया किरण चंद्राकर ने पुलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति इसरार खान निवासी ग्राम चंदखुरी ने नगर सेना के अधिकारी से पहचान होने की बात कह कर नगर सेना में नौकरी लगाने का भरोसा देते हुए उससे 6,30,000 रुपए ले लिए थे जिसमें से 50,000 वापस कर दिया था। नौकरी नहीं लगने पर बाकी रकम वापस करने में इसरार खान टालमटोल करता रहा। इसके बाद इसरार खान ने कहा कि वह उसे नौकरी नहीं लगा पाएगा। यह कहकर उसने प्रार्थिया को एक महिला मोनिका गुप्ता से मिलाया और कहा कि यह महिला की बहुत पहचान है और यह पंचायत में नौकरी लगा देगी और दुर्ग शहर में उसका ट्रांसफर भी करवा देगी। उसके झांसे मे आकर किरण चंद्राकर ने उसे 30000 रुपए कैश एवं 5,12,000 रुपए ऑनलाइन इस तरह कल 5,42,000 रुपए दे दिए थे। इसके बाद आरोपिया मोनिका गुप्ता लगातार उसे घुमाती रही। उसके साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर परेशान होकर प्रार्थिया ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि मोनिका गुप्ता पुलिस विभाग में कांस्टेबल से हवलदार के पद तक कार्यरत रही है और वह छावनी एवं मोहन नगर थाना में ड्यूटी के दौरान भी कुछ लोगों से धोखाधड़ी की थी। उस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद वह जमानत पर छुटी हुई थी। एक अन्य मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इसरार खान को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
