Friday, August 7, 2026

साइंस कॉलेज दुर्ग के पूर्व छात्र धर्मेश देशमुख SET परीक्षा की दें रहे नि:शुल्क कोचिंग

भूविज्ञान विभाग साइंस कॉलेज दुर्ग की अनूठी पहल

दुर्ग : न्यूज 36 : शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक और पहल की है। विभाग के पूर्व छात्र धर्मेश देशमुख वर्तमान विद्यार्थियों को आगामी 4 अक्टूबर को होने वाली स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET) परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क गहन प्रशिक्षण दे रहे हैं।

भूगर्भशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग की ‘शिक्षण में नवाचार’ योजना के तहत ऐसे पूर्व विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाता है, जो वर्तमान में केंद्र या राज्य सरकार के प्रतिष्ठित संस्थानों अथवा सार्वजनिक उपक्रमों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। ये पूर्व छात्र समय-समय पर महाविद्यालय आकर या ऑनलाइन माध्यम से जूनियर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। पिछले पांच वर्षों में भूगर्भशास्त्र विभाग के छह विद्यार्थियों का छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में माइनिंग इंस्पेक्टर, तीन विद्यार्थियों का छत्तीसगढ़ शासन के जियोलॉजी एवं माइनिंग विभाग में सहायक जियोलॉजिस्ट तथा एक विद्यार्थी का संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित भूवैज्ञानिक परीक्षा में चयन हुआ है।

भूगर्भशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में एलुमनी (पूर्व छात्र) की महाविद्यालय की गतिविधियों में सहभागिता और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी उद्देश्य से पिछले पांच वर्षों में विभाग के करीब 10 पूर्व छात्र प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ चुके हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने भूगर्भशास्त्र विभाग की इस नवाचार योजना की सराहना करते हुए कहा कि अपने ही संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों को उच्च पदों पर देखकर वर्तमान छात्रों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने महाविद्यालय के अन्य विभागों से भी इस प्रकार की नवाचार योजनाएं शुरू करने का आग्रह किया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news