डाक विभाग ने दी राहत
दुर्ग : न्यूज़ 36 : भारतीय डाक विभाग के दुर्ग संभाग ने आम नागरिकों और व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए विदेशी पार्सल एवं दस्ताबेज़ भेजने की सुविधा को और सुलभ बना दिया है। अब संभाग के सभी प्रमुख डाकघरों सहित उप डाकघरों में भी यह सेवा उपलब्ध है। डाक विभाग के अनुसार, यह सुविधा उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है जो अपने परिजनों को विदेश में सामान या जरूरी दस्तावेज़ भेजना चाहते हैं। खास बात यह है कि यह सेवा निजी कूरियर कंपनियों की तुलना में किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है।
विदेश व्यापार करने वाले व्यवसायों के लिए डाकघर निर्यात केंद्र के माध्यम से आकर्षक छूट की व्यवस्था की गई है। पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कोड, एडी कोड और एलयूटी जैसे दस्तावेज आवश्यक होंगे।
डाक विभाग ने सेवा को आधुनिक बनाते हुए ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिससे ग्राहक पार्सल की स्थिति बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक आसानी से देख सकते हैं। वहीं बुकिंग प्रक्रिया को भी सरल रखा गया है, जिसमें केवल वैध पहचान पत्र की जरूरत होती है।
