Tuesday, September 29, 2026

अपने पिता की हत्या की सूचना देने वाला बेटा ही निकला आरोपी

दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना बोरी क्षेत्र के ग्राम नवागांव में हुए एक हत्या प्रकरण का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि पिता की मौत की सूचना देने वाला बेटा ही हत्या का आरोपी निकला।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव निवासी कुलेश्वर साहू मृत अवस्था में अपने घर में पाए गए थे। उनके पुत्र नीलकमल साहू (19 वर्ष) ने थाना बोरी पहुंचकर पिता की मृत्यु की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, पंचनामा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से होना तथा मृत्यु की प्रकृति हत्या होना प्रमाणित हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने नीलकमल साहू को आरोपी बनाते हुए धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। यह घटना वार्ड क्रमांक 06, ग्राम नवागांव, थाना बोरी, जिला दुर्ग में हुई।
बोरी पुलिस ने मामले की विवेचना कर हत्या के इस प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा किया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news