तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार के देवार बस्ती क्षेत्र में पुरानी रंजिश और रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को घेरकर गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रुप से घायल युवक को स्पर्श अस्पताल, सुपेला के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। खुर्सीपार पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती मोनिका दिवरा निवासी देवार बस्ती खुर्सीपार ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 नवंबर 2026 को वह अपनी मां विद्या दिवरा के साथ किसी काम से दुर्ग न्यायालय गई थी। शाम करीब 5:30 बजे उसकी देवरानी जाहन्वी दिवरा ने फोन कर सूचना दी कि चंद्रपाल के गर्दन में चाकू लगा है और वह घायल है। सूचना मिलते ही वह अपने परिजनों के साथ पहले केएलसी ग्राउंड खुर्सीपार पहुंची। वहां से चंद्रपाल को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला ले जाए जाने की जानकारी मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में घायल चंद्रपाल ने परिजनों को बताया कि निखिल देवार, मोनू, रंजीता देवार, सविता देवार एवं अन्य लोगों ने उसे घेर लिया था। आरोपी कथित तौर पर रिपोर्ट लिखाने की बात को लेकर नाम कटवाने का दबाव बना रहे थे। इसी दौरान गाली-गलौज करते हुए सभी ने उसके साथ मारपीट शुरु कर दी। आरोप है कि इसी बीच सन्नी देवार के बेटे निखिल देवार ने हत्या करने की नीयत से चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। अन्य लोग भी उसे जान से मारने की बात कह रहे थे।
चंद्रपाल के मुताबिक, आरोपियों से बचने के लिए वह केएलसी के एक क्वार्टर में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। दरवाजा नहीं खुलने पर आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद वह किसी तरह बाहर निकलकर अस्पताल पहुंचा। घायल के गले और दाहिने हाथ में चोट आई है।
प्रारंभिक उपचार के बाद चंद्रपाल को बेहतर इलाज के लिए शासकीय अस्पताल दुर्ग भेजा गया, लेकिन वहां सर्जरी संबंधी सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर रायपुर रेफर करने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजनों ने उसे स्पर्श अस्पताल, सुपेला में भर्ती कराया, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है।
तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य पर अपराध दर्ज
प्रार्थिया मोनिका दिवरा की रिपोर्ट पर खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 0522/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी निखिल देवार, श्रीमती रंजीता देवार, सविता देवार एवं अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस घटना के कारणों और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
