पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भिलाई : न्यूज़ 36 : प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार कोकलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर जिले की कृषि सहकारी समितियों में खाद, डीएपी, यूरिया और बीज की कमी से उत्पन्न समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया। साथ ही उन्होंने जिला अस्पताल में रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत के मामले में भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान खरीफ सीजन में किसानों को कृषि सहकारी समितियों एवं खुले बाजार के माध्यम से खाद और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन अधिकांश समितियों में अभी तक पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण नहीं हो पाया है। इसके चलते किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले की अधिकांश समितियों में अब तक केवल लगभग 30 प्रतिशत किसान ही निर्धारित कटौती वाली मात्रा में खाद प्राप्त कर सके हैं। डीएपी जैसे आवश्यक उर्वरक कई समितियों तक नहीं पहुंचे हैं, जबकि धान बीज की उपलब्धता भी सीमित है। किसानों को केवल सरना किस्म का धान बीज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि मानसून की दस्तक के बीच किसान खेतों की तैयारी छोड़ खाद और बीज की व्यवस्था में जुटे हैं। वहीं खुले बाजार में भी खाद की कमी के कारण किसानों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
कांग्रेस ने रखीं प्रमुख मांगें
कांग्रेस नेताओं ने किसानों को राहत देने के लिए कई मांगें रखीं, जिनमें प्रति एकड़ खाद की पूर्व निर्धारित वैज्ञानिक अनुशंसित मात्रा उपलब्ध कराना, डीएपी, यूरिया, पोटाश एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना, पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को एकमुश्त खाद वितरण, खुले बाजार में खाद विक्रेताओं पर नियंत्रण, अऋणी किसानों को खाद खरीदने में सुविधा, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को वैकल्पिक रखना तथा सभी किस्मों के प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता वाले धान बीज उपलब्ध कराना शामिल है।
इसके अलावा सब्जी उत्पादक किसानों के लिए अलग व्यवस्था करने तथा हरित खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कर उसे 90 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, दिनेश पूर्व अध्यक्ष, नंद कुमार सेन, रिवेन्द्र यादव, योगिता चंद्रकार, लक्ष्मी साहू, झमित गायकवाड़, डॉ. पिलेश्वर साहू, रुपेश देशमुख, गीता महानंद, सोनिया देवांगन, संतु मानिकपुरी, संगीता सिंह, जयंती महानंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
