पार्टी से निष्कासित भाजपा नेता सहित तीन गिरफ्तार, एक फरार की तलाश जारी
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस, आबकारी, Narcotics Control Bureau (एनसीबी), Forensic Science Laboratory (एफएसएल) और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर उगाई गई अफीम की फसल जप्त की है। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर 6 में ली गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना पुलगांव क्षेत्रांतर्गत जेवरा सिरसा चौकी के अंतर्गत ग्राम समोदा, झेंडारी एवं सिरसा के मध्य स्थित भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा मौके पर अफीम की फसल पाये जाने पर अन्य संबंधित विभागों को अवगत कराते हुए संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही की गई।राजस्व विभाग के संज्ञान में आते ही कलेक्टर दुर्ग के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग और तहसीलदार दुर्ग, अतिरिक्त तहसीलदार दुर्ग द्वारा ग्राम झेंझरी पहन 08 तहसील व जिला दुर्ग की भूमि खसरा नम्बर 309 रकबा 80 डिसमिल और खसरा नम्बर 310 रकबा 09 एकड़ 92 डिसमिल कुल खसरा नम्बर 02 रकबा 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि जो कि मधुमती ताम्रकार एवम प्रीतिबाला ताम्रकार दोनों पिता श्री सीता राम ताम्रकार के संयुक्त नाम से भूमि स्वामी हक में दर्ज है। उक्त भूमि के लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल भूमि पर अफीम की खेती जिसमे अफीम की फसल लगी हुई पाई गई है और जहाँ अफीम फसल लगी हुई है बीच बीच में मक्का के फसल / पौधे लगा हुआ है।
मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खेत में मक्के/ भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे। संयुक्त टीम द्वारा खेत का निरीक्षण कर लगभग 05 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जप्त किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ आंकी गई है। मौके पर ग्राम समोदा एवं झंझरी की लगभग 110 एकड़ भूमि को तार फेसिंग कर घेरा गया है, जिसमें मक्का, गेहूं, धान, चना तथा ज्चार की भी फसल लगी हुई है, उक्त समस्त भूमि का सीमांकन एवं राजस्व अभिलेख से परीक्षण किया गया, जो समस्त निजी भूमि होना पाया गया।
प्रारंभिक जांच में कुछ व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई है। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर कार्य कराया जा रहा था। ग्राम झेंझरी तहसील दुर्ग के उक्त भूमि मधुमती ताम्रकार एवं प्रीतिबाला ताम्रकार दोनों के पिता श्री सीताराम ताम्रकार के नाम से दर्ज है और भूमि धारक मधुमती ताम्रकार व प्रीतिबाला ताम्रकार संदेही विनय ताम्रकार के संबंधी है।
मामले में NDPS Act के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटनास्थल
ग्राम समोदा, झेंझरी एवं सिरसा के मध्य स्थित खेत, थाना पुलगांव क्षेत्र, जिला दुर्ग
आरोपीयों के नाम :
1. विनायक ताम्रकार पिता गिरजाशंकर उम्र 58 वर्ष, निवासी तमेरपारा दुर्ग, जिला दुर्ग
2. विकास विश्नोई पिता नारायण राम बिश्नोई उम्र 27 वर्ष साकिन ग्राम मटोड़ा, थाना मटोड़ा जिला जोधपुर राजस्थान हॉल मुकाम ग्राम समोदा जिला दुर्ग
3. मनीष ठाकुर
4. अचला राम जाट, उम्र 28 वर्ष (फरार)
जप्त सामग्री : 1. 05 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधे (अनुमानित कीमत लगभग 08 करोड़)
उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणीशंकर चंद्रा के नेतृत्व मे नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, एस.डी.ओ.पी श्रीमती चित्रा वर्मा और थाना पुलगांव पुलिस, जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL), आबकारी विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।
