अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों द्वारा मोबाइल फोन लूट की घटना
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर 10 सितम्बर को मोबाइल लूट की घटनाएँ घटित हुईं। दोनों ही मामलों में मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पहली घटना :
शाम लगभग 04:45 बजे प्रार्थी बिसनो लाल जांगड़े पिता धनराम जांगड़े, उम्र 54 वर्ष, निवासी कबीर नगर रायपुर, जो कि प्रवर अधीक्षक डाक विभाग के पद पर सेक्टर-06 भिलाई में पदस्थ हैं, सैर हेतु निकले थे। उसी समय पीछे से आये तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन (आईफोन 15 प्लस) छीन लिया और फरार हो गए। मोबाइल की अनुमानित कीमत ₹25,000 बताई गई है।
दूसरी घटना :
सुबह लगभग 04:45 बजे प्रार्थी अयूब हुसैन पिता इशाहक हुसैन, उम्र 61 वर्ष, निवासी सेक्टर-06 भिलाई, जो पुलिस दूरसंचार विभाग में उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं, मार्निंग वॉक हेतु निकले थे। सेक्टर-06 चर्च के पास पीछे से आये तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल फोन सैमसंग A15 झपट्टा मारकर छीन लिया और फरार हो गए। मोबाइल की अनुमानित कीमत ₹14,000 बताई गई है।
दोनों ही घटनाओं की रिपोर्ट पर भिलाई नगर पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 3(5)-BNS एवं 304(2)-BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अपील करती है कि यदि किसी भी व्यक्ति को घटना से संबंधित कोई सूचना या संदिग्ध व्यक्तियों/वाहन के बारे में जानकारी हो तो तत्काल भिलाई नगर थाना या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।
