रायपुर के सड्डू क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : रकम दोगुना करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले एक आरोपी को दुर्ग पुलिस ने उस पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी कंपनियां बनाकर लोगों को निवेश के नाम पर ठगने का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर रखा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि प्रार्थी जयदीप सिंह कंडा (35 वर्ष) निवासी संतराबाड़ी, दुर्ग ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे एवं उसके साथियों ने A-M-5 Solution और M/s R-V Group Company के नाम से फर्जी कंपनी बनाकर 3 महीने में रकम दोगुना करने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर प्रार्थी से कुल ₹38,25,000 की ठगी की गई।
आरोपी पर इन धाराओं में मामला दर्ज
मामले में थाना वैशाली नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 128/2026 के तहत धारा 318 (4) एवं 3 (5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
कुछ घंटों में ही आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और सूचना के आधार पर उसे रायपुर के सड्डू क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 31 मार्च 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी
पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है।
लालच बना ठगी की वजह : प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से पैसा ऐंठ रहा था।
पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
