Monday, April 6, 2026

जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द भिलाई का गरिमामय आयोजन

ईद मिलन में दिखी भाईचारे की मिसाल, शामिल हुए सर्व धर्म प्रतिनिधि

भिलाई : न्यूज़ 36 : जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, भिलाई की ओर से एक भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन 4 अप्रैल शनिवार को जुनवानी रोड स्थित गैलेक्सी बैंक्वेट हॉल में किया गया। आयोजन का मकसद ईद के पावन अवसर पर विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे, संवाद और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रमुख रूप से गायत्री परिवार, कैथोलिक चर्च सेक्टर-6 भिलाई, गुरुद्वारा नेहरू नगर, बौद्ध आश्रम सेक्टर-6, सतनाम भवन सेक्टर-6 सहित विभिन्न नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में बढ़ती दूरियों और गलतफहमियों को समाप्त करने के लिए संवाद और आपसी मेल-जोल अत्यंत आवश्यक है। ईद जैसे पावन पर्व हमें प्रेम, करुणा और एकता का संदेश देते हैं, जिसे समाज में व्यापक रूप से अपनाने की आवश्यकता है। आयोजन को गुरुद्वारा नानकसर के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी प्रवीण सिंह,  भारतीय बौद्ध महासभा अध्यक्ष शीलरतन, पेरिश प्रीस्ट कैथोलिक चर्च सेक्टर-6 के रेव्हेरेंट फादर साबू जोसेफ, सतनाम भवन सेक्टर-6 के प्रेसिडेंट बीएल कुर्रे और गायत्री परिवार के सब जोन कोऑर्डिनेटर एसपी सिंह ने संबोधित किया। जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द ने इस अवसर पर पुनः अपने संकल्प को दोहराया कि वह समाज में नफरत और भेदभाव को समाप्त करने तथा विभिन्न समुदायों के बीच सौहार्द और एकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर एक समरस और एकजुट समाज के निर्माण का संकल्प लिया।आयोजन की अध्यक्षता नौशाद उस्मान (इस्लामिक इंफॉर्मेशन सेंटर, महाराष्ट्र) ने की। उद्घाटन भाषण शब्बीर खान, पूर्व अध्यक्ष जमाते इस्लामी हिंद छत्तीसगढ़ ने दिया। आखिर में जेआईएच भिलाई के अध्यक्ष एजाज अहमद ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news