ईओडब्ल्यू द्वारा अवैध वसूली से संपत्ति खरीदे जाने का आरोप
भिलाई : न्यूज़ 36 : ईओडब्ल्यू ने राज्य सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया पर पद का दुरुपयोग कर अवैध वसूली करने और उससे अर्जित आय से अचल संपत्तियाँ खरीदने का आरोप लगाया है।
विशेष न्यायालय में प्रस्तुत आवेदन में ब्यूरो ने उल्लेख किया है कि सौम्या द्वारा अवैध आय से 45 संपत्तियाँ खरीदी गईं, जिनमें दुर्ग जिले की कई संपत्तियाँ सम्मिलित हैं। इनमें से 29 संपत्तियाँ पहले ही अटैच की जा चुकी हैं तथा शेष 16 संपत्तियों को अटैच करने की अनुमति मांगी गई है।
जांच के दौरान पाया गया कि सौम्या ने अपने कार्यकाल के दौरान पद का दुरुपयोग कर कई गुना आय से अधिक मूल्य की संपत्तियों की खरीद की। ब्यूरो ने विशेष न्यायालय से शेष संपत्तियों को भी अटैच करने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।
बचाव पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि संबंधित संपत्तियाँ उनके परिजनों द्वारा खरीदी गई हैं। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर बचाव पक्ष को 22 सितम्बर को अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान किया है।
उल्लेखनीय है कि कोयला घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर सौम्या चौरसिया को रायपुर जेल से रिहा किया गया था। न्यायालय के निर्देशानुसार वे वर्तमान में बंगलुरू में रहकर न्यायालयीन कार्यवाही में शामिल हो रही हैं।
